कन्नौज। जिले में 2600 से अधिक ऑटो-टेंपो फर्राटा भर रहे हैं। परमिट ठेका गाड़ी का लेने के बाद रास्ते की फुटकर सवारियों को बैठा रहे हैं। ओवर लोडिंग से सवारियों की जान खतरे में रहती है।
ऑटो-टेंपो को ठेका गाड़ी का परमिट दिया गया है। इस परमिट से बुकिंग करने के बाद सवारियों को ले जा सकते हैं। 15 किलोमीटर तक ले जाने पर तीन सवारियों से 36 रुपये किराया निर्धारित है। एआरटीओ कार्यालय की नियमावली में साफ है कि ऑटो-टेंपो चालक 36 रुपये से अधिक किराया नहीं वसूल सकते। चालक मनमाना किराया वसूल रहे हैं।
यह हैं ऑटो-टेंपो के नियम
ऑटो-टेंपो चालक नियमों को ठेंगा दिखा रहे हैं। ऑटो में चालक समेत चार सवारी बैठाने का आदेश है। यह 15 सवारी बैठा रहे हैं। ऑटो-टेंपो के इंडीकेटर से लेकर सभी लाइटें काम करनी चाहिए, पर मेन लाइट को छोड़ लाइट नहीं जलती हैं। नियमित टैक्स जमा नहीं होता है। बीमा परमिट भी समय पर रिन्यूवल नहीं कराया जाता। चालक को ऑटो-टेंपो चलाते समय स्लेटी कलर की ड्रेस पहननी चाहिए। यह नहीं पहनते हैं।