कन्नौज। शासन के सख्त आदेश के बाद भी पराली जलते मिलने में कार्रवाई न करने पर चार जिम्मेदार प्राविधिक सहायकों को मध्यावधि प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। दोबारा लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उप निदेशक आरएन सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर डीएम ने प्रशासनिक अफसरों के साथ कृषि व पुलिस कर्मियों की पराली जलाने से रोकने की ड्यूटी लगाई है। टीमों को भ्रमण कर पराली जलाने वाले कृषकों पर अर्थदंड लगाने के आदेश दिए हैं। इसके बाद भी छिबरामऊ क्षेत्र में पराली जलाने की घटनाएं प्रकाश में आई हैं। ड्यूटी में लगे चार प्राविधिक सहायकों ने कृषकों पर की जाने वाली कार्रवाई की जानकारी अफसरों को नहीं दी।
राजकीय कार्यों में लापरवाही पर न्याय पंचायत अतिराजपुर के राजस्व ग्राम रसूलपुर के प्राविधिक सहायक अजय प्रताप सिंह, इसी तरह न्याय पंचायत सहरोई के राजस्व ग्राम बहादुर मझिगवां के प्रशांत सिंह, न्याय पंचायत सकरावा के राजस्व ग्राम चंदरा के मौजा सलेमपुर के प्रबल कुमार व न्याय पंचायत वीरपुर के राजस्व ग्राम किराना में तैनात प्राविधिक सहायक ओम प्रकाश यादव को मध्यावधि प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई। दोबारा लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।