अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के लिए समर्पण निधि व पंचायत चुनाव पर चर्चा के लिए भाजपा ने पार्टी कार्यालय में बैठक की। बैठक में सांसद सुब्रत पाठक ने कहा कि भाजपा किसी एक जाति की पार्टी नहीं है। यहां कोई भी कार्यकर्ता या पदाधिकारी चुनाव लड़ सकता है। पिछली बार पंचायत चुनाव में दो सीटें आरक्षित थीं। बाकी पांच जगह पांच जाति के लोग चुनाव लड़े थे। इस बार भाजपा ने तय किया है कि जिले के आठों ब्लाक में आठ जाति के लोगों को चुनाव लड़ाया जाए।
सांसद व भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुब्रत पाठक ने कहा कि आमजन के सहयोग से मंदिर बन रहा है। सांसद ने कहा कि निधि समर्पण अभियान के तहत अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनने जा रहा है। जब भी राम मंदिर का जिक्रआता, बचपन याद आने लगता है। हम लोग सड़कों पर नारे लगाते निकलते थे।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजपूत ने की। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी अपनी-अपनी ग्रामसभा में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर सक्रिय हो जाएं। जिताऊ और ईमानदार चेहरों का चयन कर रखें। जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी को परचम लहराना है। कार्यकर्ता ही प्रधान और बीडीसी बनकर आएं।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री रामवीर कठेरिया ने निभाया। जिला प्रभारी पंचायत चुनाव राजेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। संघ के विभाग प्रचारक अमरनाथ ने कहा कि अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर के लिए अधिक से अधिक सहयोग करें। आम जनमानस को भी सहयोग करने के लिए प्रेरित करें। पार्टी स्तर पर भी आगामी कार्यक्रमों के अंतर्गत घर-घर जाकर राम मंदिर के सहयोग के लिए अपना समय देना है।