लोहे की रॉड दिखाते मिठाई विक्रेता संतोष कुमार।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। शहर के सरायमीरा में चोरों ने पांच दुकानों के ताले तोड़ दिए। यह दो दुकानों से नगदी ले गए। मिठाई दुकानदार के शोर मचाने पर चोर लोहे की दो रॉड छोड़कर भाग निकले। एक चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। पुलिस छानबीन कर रही है।
बुधवार रात करीब 12 बजे सरायमीरा बस स्टेशन के पास चोरों ने मोनू टेलीकॉम दुकान का एक ताला तोड़ दिया। इंटरलॉक ताला देख यह आगे बढ़ गए। यहां से आगे पड़ोस के कमाल रेडीमेड सेंटर का ताला तोड़ दिया। यह यहां भी चोरी नहीं कर सके। इसके बाद अंधा मोड़ पर सरायमीरा निवासी शिवनाथ प्रजापति की हार्डवेयर की दुकान का ताला तोड़ दिया। दुकान के अंदर गुल्लक से पांच हजार रुपये निकाल लिए। यहां से सरायमीरा निवासी कुलदीप भारद्वाज के जनरल स्टोर का ताला तोड़कर चार हजार की नगदी पार कर दी। इसके बाद चोरों ने पास में ही संतोष की मिठाई की दुकान का ताला तोड़ दिया।
इस दौरान छप्पर में लेटे संतोष की आंखें खुल गईं। उन्होंने शोर मचा दिया। इस पर चोर लोहे की दो रॉड मौके पर छोड़कर भाग निकले। एक ही रात पांच दुकानों के ताले टूटने से व्यापारियों के होश उड़ गए। सुबह पुलिस ने छानबीन शुरू की। इस दौरान एक चोर मोनू टेलीकॉम दुकान पर लगे कैमरे में कैद हुआ है। उसकी पहचान की जा रही है। एएसपी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन कर जल्द खुलासा किया जाएगा।