तालग्राम (कन्नौज)। वृंदावन जा रही कार मुसाफिरपुर गांव के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। चालक समेत चार लोग घायल हो गए। यूपीडा, एटलस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा।
बिहार के जिला मधुबनी थाना लौकी के गांव थरवाई निवासी शिवचंद्र राय (40) कार चला कर वृंदावन जा रहे थे। उनके साथ गांव के रामशरण शाह (32), प्रमोद शाह (35), मिथुन शाह (35) भी थे। शिवचंद्र के अनुसार, रविवार रात 11 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे स्थित मुसाफिरपुर गांव के पास कंटेनर से साइड में रगड़ लगने से कार अनियंत्रित होकर डिवाइजर से टकराकर पलट गई, जिसमें सभी लोग घायल हो गए। सूचना पर यूपीडा, एटलस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा। क्षतिग्रस्त कार को रिकवरी क्रेन से थाने भेज दिया गया। घायल रामशरण शाह की हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर किया गया है। प्रभारी निरीक्षक रंजना पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।