तिर्वा(कन्नौज)। वाहन की तेज रफ्तार कार चालक की मौत का सबब बन गई। एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार सवार पानीपत से लखनऊ जा रहे थे। घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
हरियाणा के पानीपत के हुड्डा सेक्टर-25 निवासी अंकित (26) पुत्र सतीश, नई सीजेए स्टॉप निवासी रवि (27) पुत्र श्यामलाल और उबरखेड़ा पानीपत निवासी कृष्णा (30) पुत्र हरिपाल शुक्रवार को कार से पानीपत से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे होते हुए लखनऊ जा रहे थे।
तभी ठठिया थाना क्षेत्र के बलनापुर गांव के पास तेज रफ्तार के चलते कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे में तीनों घायल हो गए और पुलिस ने मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। इस दौरान चिकित्सकों ने अंकित पुत्र सतीश को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ठठिया राजकुमार सिंह ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी। इससे परिवार में कोहराम मच गया।