छिबरामऊ (कन्नौज)। राज्य पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षक शशिकांत शुक्ला की शिक्षा गुणवत्ता पर बनी शार्ट फिल्म मानव संसाधन विकास मंत्रालय की वेबसाइट पर भी चलाई जा चुकी है। जिले में बेसिक शिक्षा में आदर्श बन चुके शशिकांत को बीएसए और बीईओ सुनील कुमार दुबे समेत शिक्षकों ने बधाईयां दीं हैं।
बीईओ ने बताया कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक शशिकांत शुक्ला ने सरकारी किताबों में क्यूआर कोड बनाकर बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करने और दीक्षा एप से शैक्षिक नवाचारों को बढ़ावा देने में सहयोग किया है। उन्होंने निजी संसाधनों से बच्चों को लैपटॉप से पढ़ाकर तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा दिया। इसके अलावा परिषदीय विद्यालयों की सरकारी किताबों में क्यूआर डालने वाली टीम में काम किया।
इस क्यूआर कोड को स्कैन करने से बच्चों को वीडियो व कांर्टून दिखते हैं। उन्होंने शैक्षिक नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए दीक्षा पोर्टल बनाया, जो कोरोना संक्त्रस्मण के समय बच्चों व शिक्षकों के लिए वरदान साबित हुआ।
बीईओ ने बताया कि महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद के निर्देश पर शशिकांत ने अपने विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता को दर्शाती हुई एक शॉर्ट फिल्म भी बनाई थी। जिसे मानव संसाधन एवं विकास मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर पोस्ट किया था। इस फिल्म में दिखाए गए बच्चे निशा राठौर, नितिन शाक्य, तनिष शाक्य व गुड़िया राठौर ने बताया कि उन्होंने गुरु से बहुत कुछ सीखा।
बीएसए केके ओझा ने कहा कि शशिकांत शुक्ला को राज्य शिक्षक पुरस्कार मिलने से जनपद की बेसिक शिक्षा का मान बढ़ा है। अन्य शिक्षक भी इनसे प्रेरणा लेकर उत्कृष्ट कार्य करेंगे।
राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित भारत सिंह वर्मा ने कहा कि शशिकांत शुक्ला जैसे शिक्षक आदर्श हैं। इनकी कार्यप्रणाली से सीखकर काफी आगे बढ़ा जा सकता है। विनोद कुमार मिश्रा, अखिलेश बाबू शुक्ला, रमा मिश्रा, श्वेता यादव, ऋचा यादव, शालिनी दुबे, सीता राजपूत, पायल तिवारी व सुशील दुबे ने शशिकांत को बधाई दी।