कन्नौज। जिले में चोरियां और लूटपाट करने वाला नदीम उर्फ पनडुब्बी अंतरराज्यीय चंदन तस्कर निकला। उसे चंदन तस्करी करते एक अगस्त को मेरठ से राजस्थान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। अब पुलिस पनडुब्बी से तस्करी का चंदन खरीदने वाले इत्र कारोबारियों की तलाश कर रही है।
मोहल्ला शेखाना निवासी बदमाश नदीम उर्फ पनडुब्बी के खिलाफ जिले में चोरी और लूटपाट के करीब 25 मुकदमे दर्ज हैं। उसे चंदन तस्करी के आरोप में राजस्थान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथियों की तलाश में रविवार को राजस्थान पुलिस की गई गाड़ियां मोहल्ला शेखाना के अलावा हाजीगंज और पाल चौराहा पहुंची। बाहर की पुलिस की कई गाड़ियां देखकर लोगों में चर्चा होने लगी। कुछ देर बाद पता चला कि पनडुब्बी मध्यप्रदेश, राजस्थान और पंजाब मोस्टवांटेड है।
जिले के टॉप टेन बदमाशों की सूची में चौथे नंबर पर दर्ज पनडुब्बी राजस्थान के करौली की पुलिस ने एक अगस्त को मेरठ के पास से गिरफ्तार कर लिया था। उसके साथी शिवदर्शन सैनी, हरिदर्शन उर्फ छोटू सैनी और रामबाबू जाटव भी चंदन तस्करी करते धरे गए थे। राजस्थान पुलिस पनडुब्बी से तस्करी का चंदन खरीदने वाले इत्र कारोबारियों की तलाश करने आई है। गिरफ्तार तस्करों की निशानदेही पर दबिश दी जा रही है। एएसपी विनोद कुमार ने बताया कि शहर में चार दिन पहले राजस्थान पुलिस आई थी, अब वह यहां है या नहीं, इसकी जानकारी नहीं है।