कन्नौज। लॉकडाउन और कोरोना का असर आयुष्मान कार्ड पर भी पड़ रहा है। छह लाख कार्ड जारी करने के लक्ष्य के सापेक्ष विभाग अभी तक केेवल एक लाख कार्ड जारी कर सका है। इसके चलते पात्र लोगों को योजना का लाभ नहीं मिल रहा है।
आयुष्मान भारत योजना के तहत पत्र लोगों को पांच लाख रुपये तक का निशुल्क उपचार देने के लिए केंद्र सरकार ने योजना शुरू की थी। योजना के तहत पात्र परिवारों को कार्ड दिए जाने थे। जिले में कार्ड का लक्ष्य निर्धारित किया जा चुका है। लक्ष्य के अनुसार 5 लाख 92 हजार 300 कार्ड जारी होने है। इसमें अभी तक 99,992 कार्ड बनाए जा चुके हैं। बाकी अन्य के कार्ड जारी नहीं हुए है।
लॉकडाउन व कोरोना के चलते यह योजना पिटती नजर आ रही है। इसको देखते हुए अब ब्लाक स्तर पर आयुष्मान मित्र लगाए गए हैं। इनको जिम्मेदारी दी गई है कि वह गांव-गांव जाकर कार्ड जारी करें। इस कार्य में आयुष्मान मित्र के अलावा आशा बहू को भी जिम्मेदारी दी गई है। सीएमओ डा. कृष्ण स्वरूप का कहना है कि योजना के तहतक कार्ड बनाने का काम किया जा रहा है। जल्द ही लक्ष्य को हासिल कर लिया जाएगा।