फोटो:11: फीता काटकर उद्घाटन करते एडीजी आलोक सिंह, डीआईजी हरीश चंदर। संवाद
कन्नौज। पुलिस लाइन में संचालित हो रही कई शाखाओं का संचालन अब पुलिस कार्यालय से किया जाएगा। विस्तारीकरण एवं जीर्णोद्धार भवन का बुधवार को एडीजी जोन आलोक सिंह व डीआईजी कानपुर रेंज हरीश चंदर ने विधिवत उद्घाटन किया। इसके बाद बैठक कर पुलिस अधिकारियों से कानून व्यवस्था पर चर्चा की।
पुलिस लाइन में आरटीसी शाखा का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा सीसीटीएनएस, पासपोर्ट सेल, एएचटी थाना, मॉनिटरिंग, सम्मन सेल, रिट सेल आदि का भी संचालन पुलिस लाइन में ही हो रहा था। इससे असुविधा पुलिसकर्मियों व आम जनता को दिक्कत हो रही थी। इसे लेकर पुलिस कार्यालय में भवन का निर्माण कराया गया तथा जीर्णोद्धार कर विस्तार किया गया। एडीजी ने कहा कि यह शाखाएं पुलिस कार्यालय से संचालित होने से आम जनमानस को काफी सुविधा व सहूलियत मिलेगी।
इसके बाद कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में आगामी स्वतंत्रता दिवस, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, चेहल्लुम आदि त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में मनाए जाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर नजर रखी जाए। अफवाह फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाए। डायल 112 को रिस्पांस टाइम सुधारने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, एएसपी अजय कुमार, सीओ सिटी अभिषेक प्रताप अजेय, सीओ तिर्वा डॉ. प्रियंका वाजपेयी आदि मौजूद रहे।