विनोद दीक्षित चिकित्सालय में दवा लेने आई महिला का आधार नंबर रजिस्टर पर अंकित कर दवा देते फार्मास
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। सरकारी चिकित्सालयों में आने वाले मरीजों का ब्योरा रखने के लिए नई व्यवस्था शुरू की गई है। जल्द ही ओपीडी में पर्चा बनवाने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य होगा। प्रयोग के तौर पर इसकी शुरुआत विनोद दीक्षित चिकित्सालय से की गई है।
जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मेडिकल कालेज में प्रतिदिन हजारों की संख्या में मरीज ओपीडी में पर्चा बनवाकर दवा लेते हैं। दवा वितरण काउंटर पर पर्चे पर चिकित्सक की ओर से लिखी गई दवा का वितरण कर दिया जाता है। इसका ब्योरा नहीं रहता है। अब सरकार नई व्यवस्था को लागू कर रही है। कुछ माह में ओपीडी में पर्चा बनवाने पहुंचने वाले मरीजों को अपने साथ आधार कार्ड ले जाना भी जरूरी होगा। आधार कार्ड का नंबर नोट करने के बाद ही पर्चा बन सकेगा।
अधीक्षक डॉ. गीतम सिंह ने बताया कि ओपीडी में पर्चा बनवाते समय आधार कार्ड व मोबाइल नंबर को रजिस्टर पर लिखा जा रहा है। इसको पोर्टल पर भी फीड किया जाता है। अभी आधार कार्ड पूरी तरह से अनिवार्य नहीं किया गया है। आधार कार्ड न लाने वालों को लौटाया नहीं जा रहा है। इन्हें अगली बार से आधार कार्ड लेकर आने के निर्देश दिए जा रहे हैं।