कन्नौज। जल शक्ति मंत्रालय ने लॉकडाउन में गंगा क्विज की शुरुआत की है। नमामि गंगे के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में किसी भी स्कूल के 10 साल से ऊपर आयु वर्ग के बच्चे हिस्सा ले सकते हैं। 22 मई तक चलने वाली प्रतियोगिता में टॉप तीन छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए जाएंगे। रजिस्ट्रेशन 22 अप्रैल से चालू हैं। 100 विजेता छात्रों को सामान्य ज्ञान की किताबें और प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
नमामि गंगे के जिला परियोजना अधिकारी अजय त्रिपाठी ने बताया कि नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा (एनएमसीजी) जलशक्ति मंत्रालय के अधीन रजिस्टर्ड सोसाइटी है। ट्री क्रेज फाउंडेशन के सहयोग से एनएमसीजी गंगा क्विज का आयोजन करता है। यह एक ऑनलाइन नेशनल क्विज है। इसका मकसद गंगा के प्रति लोगों की भागीदारी को बढ़ाना है। बच्चों और युवाओं के बीच नदियों और गंगा संरक्षण का जज्बा पैदा करना है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 22 अप्रैल से चालू हैं। अंतिम तारीख 22 मई 2020 है। विजेताओं की घोषणा 5 जून 2020 को की जाएगी। छात्र-छात्राओं को स्कूलों की सही जानकारी देनी होगी। गलत डाटा की स्थिति में वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी नहीं होगी।
ऐसे कराएं रजिस्ट्रेशन
रजिस्ट्रेशन के लिए ww.gangaquest.com पर क्लिक करें। व्यक्तिगत या सामूहिक तौर पर भी स्कूल की ओर से भी रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है। व्यक्तिगत श्रेणी में नाम, ईमेल आईडी, पासवर्ड और मोबाइल नंबर डालकर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। क्विज में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को वेबसाइट पर आधार कार्ड, पासपोर्ट, जन्म प्रमाणपत्र की मदद से रजिस्टर करना होगा।