छिबरामऊ। पिछले एक सप्ताह से पड़ रही बदन झुलसा देने वाली गर्मी से लोगों की सेहत बिगाड़ रही है। सौ शैया अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को दवा लेने पहुंचे मरीजों का रिकॉर्ड टूट गया। इनमें अधिकांश मरीज कमजोरी, बदन दर्द, खुजली, बुखार, उल्टी व दस्त के मिले। डॉक्टरों ने मरीजों को गर्मी से बचाव की नसीहत दी।
ग्राम दिलू नगला स्थित सौ शैया अस्पताल की ओपीडी में चिकित्साधिकारी डाॅ. अभिषेक दुबे व सुचि वर्मा ने मरीजों को देखा। अधिकांश मरीज तेज सिरदर्द, कमजोरी, उल्टी दस्त व खुजली की समस्या से ग्रसित थे जिन्होंने रोक के अनुसार दवाएं दी गई। सुबह आठ बजे ओपीडी शुरू होते ही मरीजों के पहुंचने का सिलसिला जो दोपहर दो बजे तक जारी रहा। सुबह 10 बजे के करीब पंजीकरण कक्ष के सामने भीड़ के चलते मरीजों को लाइन में लगना पड़ा। पंजीकरण विभाग के अमित कुमार ने बताया कि 68 मरीजों ने ऑनलाइन व 185 ने अस्पताल पहुंचकर पंजीकरण कराए। कुल 253 मरीज देखे गए। उन्होंने बताया कि मौजूदा गर्मी के मौसम में पहली बार इतने मरीज अस्पताल पहुंचे हैं। इनमें से 20 लोगों की हालत गंभीर होने के कारण अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। दोपहर बाद ओपीडी का समय खत्म होने के बाद भी कुछ मरीजों को इमरजेंसी में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डाॅ. हसीब ने देखा।
इनसेट.....
बाल रोग विशेषज्ञ न होने से परेशानी
सौ शैया अस्पताल में पूर्व सीएमएस डाॅ. राजेश तिवारी के स्थानांतरण के बाद से अब तक बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं हो सकी है। ऐसे में शुन्य से पांच साल के बच्चों के इलाज के लिए तीमारदारों को निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है, जहां उनकी जेब पर खुलेआम डांका पड़ रहा है। समस्या को देखते हुए सपा नेता योगेंद्र यादव, पूर्व सभासद रानू कुरैशी, कांग्रेसी नेता विनोद दुबे उर्फ पप्पू आदि ने सीएमओ डाॅ. विनोद कुमार सिंह से अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती कराए जाने की मांग की है।