छिबरामऊ। 100 शैया संयुक्त चिकित्सालय अब बिजली पर निर्भर रहने के बजाय सौर ऊर्जा संयंत्र से बनी बत्ती से जगमगाएगा। अस्पताल परिसर में स्थापित 185 किलोवाट की क्षमता वाले सोलर प्लांट के मंगलवार से शुरू होने से न केवल अस्पताल का लाखों रुपये का बिजली बिल बचेगा। बल्कि अतिरिक्त बिजली बेचकर अस्पताल प्रशासन कमाई भी कर सकेगा।
सीएमएस डॉ. सुनील कुमार सिंह ने बताया कि अब तक अस्पताल को हर महीने भारी-भरकम बिजली बिल का भुगतान करना पड़ता था लेकिन इस प्लांट के चालू होने के बाद से बिल का खर्च न के बराबर रह जाएगा। इस सोलर प्लांट को ओएमसी पावर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा स्थापित किया गया है। इस प्लांट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह ग्रिड की बिजली चालू रहने पर निरंतर सौर ऊर्जा का उत्पादन करेगा। दिन के समय अस्पताल में उपभोग के बाद जो भी बिजली बचेगी, उसे नेट मीटरिंग के जरिए सीधे विद्युत विभाग को सप्लाई किया जाएगा। विद्युत निगम इस बची हुई बिजली को चार रुपये 85 पैसे प्रति यूनिट के हिसाब से अस्पताल से खरीदेगा।