चित्रकूट। जिला पंचायत ने चार लोगों को नोटिस जारी की है। इन पर बिना नक्शा स्वीकृत के व्यावसायिक भवन का निर्माण और जिला पंचायत से लेआउट प्लान स्वीकृति के बिना अवैध प्लॉटिंग करने का आरोप है।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि जिले में बिना नक्शा व ले आउट पास कराए अवैध प्लाॅटिंग की जा रही है। इसके खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में बिना स्वीकृति के भवन निर्माण व प्लॉटिंग होते पाई जिन्हें नोटिस दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ब्लॉक रामनगर के एके ड्रीम सिटी, तहसील मऊ स्थित राधे कुंज प्रॉपर्टी को अंतिम नोटिस चस्पा की गई है। वहीं ग्राम पंचायत मुरका में एएसएम लैंड डेवलपर्स प्रालि, आरबी इन्फ्रा पंचवटी द डिवाइन सिटी मुरका व काली पहाड़ी, ग्राम सरहट मानिकपुर में प्लॉटिंग कर रहे चार व्यक्तियों को नोटिस भेजे गए हैं।
इसके अलावा अशोह ग्राम पंचायत, चकौंध, लोढवारा के निकट, भरतकूप मंदिर मार्ग, चित्रकूट-बांदा मार्ग सहित कई अन्य स्थलों को भी चिह्नित किया गया है जहां शीघ्र ही नोटिस जारी कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।