बांदा। माता-पिता के रिश्तेदारी में जाने के बाद किशोरी ने सोमवार सुबह घर में फंदा लगाकर जान दे दी। छोटे भाई ने उसे फंदे से लटका देखा तो पिता को फोन पर जानकारी दी। रास्ते से ही माता-पिता वापस लौटे और पुलिस को सूचना दी।
कमासिन थानाक्षेत्र के साडासानी गांव निवासी रामचंद्र वर्मा ने बताया कि बेटी आरती (17) ने सोमवार सुबह करीब 11 बजे घर के कमरे में छप्पर की धन्नी से दुप्पटे से फंदा लगा लिया। छोटे भाई अंकित ने देखा तो उसने माता-पिता को खबर दी। पिता के मुताबिक, सोमवार सुबह वह अपनी बुआ को देखने के लिए पिपरी छेरवां गांव जा रहे थे। साथ में पत्नी प्रेमकली भी थीं। रास्ते में छोटे पुत्र का फोन आया तो वह ओरन से वापस अपने घर पहुंचे। उनकी बेटी ने किस वजह से फंदा लगाया उन्हें जानकारी नहीं है।
आरती तीन बहनों और दो भाइयों में तीसरे नंबर की थी। आरती की शादी बेर्रांव में तय कर दी गई थी। बैसाख माह में उसकी शादी होनी थी। कमासिन थाना इंस्पेक्टर भास्कर मिश्र ने बताया कि परिजन कारण नहीं बता सके हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।