फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यातायात माह में भी जाम से राहत नहीं, दो घंटे फंसी रही एंबुलेंस

विज्ञापन
पूर्वी बाईपास पर जाम में फंसी एंबुलेंस। - फोटो : CHIBRAMAU
विज्ञापन
छिबरामऊ(कन्नौज)। यातायात माह में भी जाम से राहत नहीं है। शहर की यातायात व्यवस्था बदतर हो गई है। मंगलवार रात तालग्राम तिराहे पर लगे जाम में एंबुलेंस दो घंटे तक फंसी रही। सिपाहियों ने जाम खुलवाकर एंबुलेंस को निकाला।
विज्ञापन

मंगलवार रात कानपुर मरीज लेकर जा रही एंबुलेंस तालग्राम तिराहे पर लगे जाम में फंस गई। ड्यूटी पर लगे सिपाही लगभग दो घंटे बाद जाम खुलवा सके। इसके बाद एंबुलेंस रवाना हुई। ऐसा पहली बार नहीं है। अक्सर सौ शय्या अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजकीय महिला चिकित्सालय आने जाने वाली एंबुलेंस जाम में फंस जाती हैं।
नगर के पूर्वी तथा पश्चिमी बाईपास, बैंक ऑफ इंडिया, विशुनगढ़ तिराहा, सब्जी मंडी, पीपल चौराहा, जामा मस्जिद के सामने, हीरालाल कालेज चौराहा, डाकघर तिराहा, पुराना सौरिख बस स्टॉप, रोडवेज बस स्टैंड के पास अक्सर जाम की स्थिति रहती है। घर से 10 मिनट के कार्य के लिए निकलने वाले लोगों का जाम में फंसकर घंटों समय बर्बाद हो जाता है। पुलिस अधिकारियों, डायल 100 तथा अन्य अधिकारियों की गाड़ियां भी जाम में फंस जाती हैं। अधिकारियों के फंसने पर सुरक्षाकर्मी जाम खुलवा कर उनका रास्ता सुगम कर देते हैं। आम आदमी पल-पल पर जाम की समस्या से जूझता नजर आता है। जिम्मेदार इस समस्या के लिए एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर खुद को बचाने में लगे रहते हैं।
विज्ञापन

फुटपाथ पर कब्जे, ई-रिक्शा बढ़ा रहे सिरदर्द
जाम की समस्या के लिए फुटपाथ पर कब्जा किए दुकानदार भी जिम्मेदार हैं। पूर्वी से पश्चिमी बाईपास तक फुटपाथ पूरी तरह से गायब हो चुका है। इसके अलावा नगर में चल रहे पांच सैकड़ा से अधिक अपंजीकृत ई-रिक्शा भी समस्या बने हुए हैं।
नो एंट्री का नहीं होता पालन
जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर में सुबह 10 बजे से सायं 8 बजे तक नो एंट्री निर्धारित है। इस बीच नगर के मुख्य मार्ग पर बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित है। इसके बाद भी ट्रैक्टर, ट्रक तथा बसें नगर में प्रवेश कर जाती हैं। इससे समस्या बढ़ जाती है।
सीमांकन के दिए जा चुके हैं निर्देश
जाम की समस्या पर एसडीएम गौरव शुक्ला ने बताया कि पुलिस व नगर पालिका परिषद को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जा चुका है। नगर के चौराहों-तिराहों के साथ ही मुख्य मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करवाने के लिए सीमांकन करवाया जाएगा। पुलिस व पालिका कर्मियों के संयुक्त प्रयासों से जाम की समस्या से निजात दिलाई जाएगी। जल्द ही अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू करवाया जाएगा।
नगर में जल्द पड़ेगी पीली पट्टी
नगर पालिका के ईओ सुरेंद्र कुमार केसरनवानी ने कहा कि जल्द ही नगर के मुख्य मार्ग पर दोनों तरफ पीली पट्टी डलवाकर सीमांकन करवाया जाएगा। पुलिस के सहयोग से अतिक्रमण हटवाकर फुटपाथ खाली करवाया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें