गुरसहायगंज। शासन के निर्देश पर शनिवार को कोतवाली परिसर में अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार की अध्यक्षता में थाना दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 11 शिकायतें दर्ज की गईं। इसमें से नौ का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। दो राजस्व संबंधी शिकायतों को जांच के लिए टीम को भेजा गया है।
उन्होंने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और त्वरित निस्तारण के निर्देश कोतवाल कपिल दुबे को दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। ताकि लोगों का पुलिस प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो सके। कोतवाली क्षेत्र की चौकी अनौगी के गांव भवानीपुर निवासी कृष्ण कुमार ने सुशील कुमार पर जमीन पर घूरा डालने की शिकायत की। वहीं, सुशील कुमार ने कृष्ण कुमार पर गालीगलौज व मारपीट का आरोप लगाया। इसी प्रकार मझपुर्वा के जावेद आलम ने दारा सराय निवासी शोएब उर्फ गुड्डू पर ट्रैक्टर से मेड़ जोतने और तोड़ने की शिकायत की।
डिलिया भूड़ के गनेश चंद्र ने गांव के रामकुमार पर नाला बंद करने का आरोप लगाया। गढ़िया बलीदासपुर के अनिल कुमार ने धर्मेंद्र और विद्याराम पर चकरोड के विवाद को लेकर शिकायत की। बिबिया जलालपुर के शैलेंद्र सिंह ने सुग्रीव सिंह के विरुद्ध सही विवेचना की मांग की। लाडपुर के नाथूराम ने चकरोड खुलवाने की मांग रखी। समधन के मोहल्ला गोरी नवादा निवासी शमशाद ने दारा सराय के तनवीर पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जबकि तनवीर खां ने शमशाद, कमरुद्दीन और नफीस पर स्टे के बावजूद कब्जा करने का आरोप लगाया। सौंसरापुर की शलमा ने शरीफ और आमिर पर अवैध कब्जा करने की शिकायत की। झूसी नगर के सुधीर सिंह ने विवेक और सुशील पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया है। थाना दिवस के दौरान कुल पांच पुलिस संबंधी और चार राजस्व संबंधी शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। दो शिकायतों की जांच के लिए राजस्व टीम भेजी गई है। इस मौके पर कोतवाल कपिल दुबे, अतिरिक्त निरीक्षक सीपी तिवारी आदि मौजूद रहे।