गुरसहायगंज। रंजिश के चलते चार हमलावरों ने युवक के घर पहुंचकर गालियां देते हुए फायर झोंक दिया। गोली से बाल-बाल बचे पति को बचाने आई पत्नी से आरोपियों ने अश्लील हरकतें की और पिटाई भी कर दी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार को चारों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने एसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि 20 अक्तूबर की रात आठ बजे वह दरवाजे पर बैठा था। तभी गांव के गौरव, अजय, छोटू और विश्वनाथ हाथों में अधिया, तमंचा व लाठी लेकर पहुंचे और गालीगलौज करने लगे। युवक जान बचाने के लिए घर के अंदर भागा तो हमलावर घर में घुस आए और फायर कर दिया। गोली युवक को छूते हुए निकल गई। आरोपियों ने उसकी पत्नी के साथ अश्लील हरकतें की और उसे भी पीट दिया।
पीड़ित के शोर मचाने पर गांव के लोग इकट्ठा हो गए, तब आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने गौरव, अजय, छोटू और विश्वनाथ के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।