कन्नौज। पिछले साल से इस बार कोरोना संक्रमण भयावह स्थिति में पहुंच गया है। रोगियों की तादाद तेजी से बढ़ रही है। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों में गठित निगरानी समितियों को फिर से सक्रिय किया है। यह बुखार व कोरोना लक्षण वालों का ब्योरा जुटाएंगी।
निगरानी समिति में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षामित्र, चौकीदार और स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को रखा गया है। पंचायती राज विभाग के डायरेक्टर ने निर्देशों के तहत युवक/महिला मंगल दल को भी शामिल किया जाएगा। जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि निगरानी समितियों को सक्रिय रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। यह गांव में भ्रमण कर बुखार व कोरोना लक्षण वालों का ब्योरा जुटाएंगी।
डीपीआरओ के मुताबिक निगरानी समितियों का अध्यक्ष ग्राम प्रधान होता है। इन दिनों ग्राम पंचायतें भंग चल रही हैं। एडीओ पंचायत प्रशासक के तौर पर काम कर रहे हैं। यह समितियां प्रशासक के संपर्क में रहेंगी। किसी के बीमार होने की जानकारी पर प्रशासक स्वास्थ्य विभाग से संपर्क जांच कराएंगे। डीपीआरओ ने कहा कि ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई व्यवस्था का ख्याल रखा जाए। जांच में किसी के संक्रमित मिलने पर घर व आसपास सैनिटाइज कराया जाए। इसमें लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।