गुरसहायगंज। निजी अस्पताल में ऑपरेशन से बच्ची का जन्म हुआ। परिजन जच्चा-बच्चा को लेकर घर जा रहे थे लेकिन रास्ते में बच्ची को देखा तो उसकी सांसें थम चुकी थीं। परिजन ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए रविवार की देर रात हंगामा किया। पुलिस ने समझाकर परिजनों को शांत कराया और जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
क्षेत्र की इंद्रानगर चौकी के गांव बरगांवा निवासी तसलीम ने बताया कि बुधवार को पत्नी रबीना को प्रसव पीड़ा होने पर फर्रुखाबाद रोड स्थित रामगंज के अमन अस्पताल में भर्ती कराया था। देर रात चिकित्सकों ने ऑपरेशन किया और बेटी का जन्म हुआ। परिजन ने बताया कि अचानक नवजात की हालत बिगड़ गई। इस पर चिकित्सक ने उसे आईसीयू में भर्ती कर दिया। आरोप है कि शाम चार बजे अस्पताल से जच्चा-बच्चा की छुट्टी कराकर वह पत्नी और बच्ची को लेकर घर जा रहा था। रास्ते में उसने बच्ची की नब्ज देखी तो नब्ज नहीं मिली।
उन्होंने बताया कि बच्ची की मौत हो चुकी थी। इसके बाद वह रात 8.30 बजे नवजात को लेकर दोबारा अस्पताल पहुंचा और मामले की शिकायत की। आरोप है कि अस्पताल में मौजूद लोगों ने उसके साथ अभद्रता की और उसे वहां से भगा दिया। इसके बाद तसलीम ने डायल 112 पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस परिवार को कोतवाली ले आई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं, अस्पताल के संचालक डाॅ. गयासुद्दीन ने परिजनों के आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि जच्चा और बच्चा को स्वस्थ अस्पताल से छुट्टी दी गई थी। दोनों का इलाज चिकित्सक की देखरेख में किया गया। अस्पताल की ओर से किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई है। कोतवाल अजय अवस्थी ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।