तिर्वा (कन्नौज)। मेडिकल कालेज और जिला अस्पताल में स्टाफ नर्स के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर जालसाज ने 18 महिलाओं से 2.20 लाख रुपये ठग लिए। नौकरी न मिलने पर महिलाओं ने रुपये मांगे तो आरोपी धमकाने लगा। एक महिला ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के महुआपुर गांव की उर्मिला देवी पत्नी गिरीशचंद्र ने ठठिया के खामा गांव निवासी पप्पू पुत्र जगदीश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि वर्ष 2018 में आरोपी ने जिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कालेज में स्टाफ नर्स की नौकरी लगवाने के नाम पर संपर्क साधा। पप्पू ने 18 महिलाओं को स्टाफ नर्स की नौकरी लगवाने का झांसा देकर 2 लाख 20 हजार ठग लिए। पैसे देने के एक माह के भीतर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया गया था। नौकरी नहीं लगी। करीब छह माह गुजर गए तो उन्होंने दबाव बनाना शुरू किया। पप्पू विभागीय समस्या बताकर समय आगे बढ़ाता गया। पैसे न देने पर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात पर वह धमकाने लगा।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामला वर्ष 2018 का है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ की जाएगी। आरोप सही मिले तो दोषी को जेल भेजा जाएगा।