जिला काजी मौलाना अहमद सईद से वार्ता करते जिलाधिकारी रवींद्र कुमार, एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह व म?
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। नागरिकता संशोधन विधेयक के विरोध में शुक्रवार को शहर के बोर्डिंग मैदान में तमाम लोग जुटे। कार्यक्रम की जानकारी होते ही डीएम और एसपी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। परमीशन न होने और शांति व्यवस्था का हवाला देकर जिला काजी मौलाना अहमद सईद से कार्यक्रम खत्म करने के लिए कहा। करीब आधे घंटे तक शांतिपूर्वक विरोध करने के बाद जिला काजी की ओर से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम और एसपी को सौंपा गया। इसमें बिल को देश हित में वापस लिए जाने की मांग की गई। इसके बाद कार्यक्रम का समापन कर दिया गया।
नागरिकता संशोधन विधेयक के विरोध में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद शहर की ईदगाह में जुटने की अपील की गई थी। कार्यक्रम था कि ईदगाह से सभी लोग कलक्ट्रेट पहुंचेंगे। यहां डीएम को ज्ञापन देंगे। जिला प्रशासन ने शांति व्यवस्था का हवाला देकर कार्यक्रम की परमीशन नहीं दी। इसके बाद तय हुआ कि सभी लोग जिला काजी मौलाना अहमद सईद के नेतृत्व में बोर्डिंग मैदान में जुटेंगे। दोपहर करीब दो बजे बोर्डिंग मैदान में भीड़ जुटने लगी। कुछ ही देर में सैकड़ों लोग पहुंच गए। जानकारी पर जिलाधिकारी रवींद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। जिला काजी से दोनों अफसरों ने वार्ता की। परमीशन न होने के बाद भी कार्यक्रम करने पर एतराज जताया।
अफसरों ने कहा कि कार्यक्रम को जल्द खत्म किया जाए। इसके बाद जिला काजी की ओर से डीएम और एसपी को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। इसमें बिल की निंदा की गई। मांग की गई कि इस बिल को वापस लिया जाए। ज्ञापन देने के बाद डीएम और एसपी के कहने पर जिला काजी ने कार्यक्रम खत्म करा दिया। जिला काजी ने अफसरों को भरोसा दिलाया कि जिले में अमन, चैन पूरी तरह कायम रहेगा।
इस दौरान हाजी हसीम वारसी, मौलाना जिलाउर कमर, मौलाना अब्दुल हबीब, नफीस हासमी, मौलाना नूरुद्दीन आफाकी, पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव, भोले कुरैशी, मुन्ना दरोगा, खलीफा उबैदुल हसन आदि मौजूद रहे। सीओ सिटी श्रीकांत प्रजापति, कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा भारी फोर्स के साथ तैनात रहे।