पुलिस की गिरफ्त में अंतरजनपदीय गिरोह के अपराधी
- फोटो : KANNAUJ
तिर्वा(कन्नौज)। हाईवे पर फगुहा भट्ठा के पास बुधवार की रात पुलिस ने मुठभेड़ में अंतर जनपदीय गिरोह के तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए शातिर अलग-अलग जिले के रहने वाले हैं। यह कन्नौज, फर्रुखाबाद, इटावा, औरैया समेत कई जिलों में लूटपाट की घटना को अंजाम दे चुके हैं।
थाने की पुलिस टीम रात में इलाके में गश्त कर रही थी। फगुहा भट्ठा के पास तीन लोग संदिग्ध अवस्था में खड़े थे। पुलिस ने इन्हें टोका तो एक ने पुलिस पर तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों में फिरोजाबाद के सिरसागंज निवासी देवा पुत्र विनोद, तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के बौद्धनगर निवासी राज कूपर पुत्र दिवारी लाल, एटा के अलीगंज निवासी दिलीप कुमार पुत्र मोहर सिंह हैं। आरोपियों के पास से लूट में प्रयोग बाइक, दो तमंचे, कारतूस व लूटी गई अंगूठियां बरामद हुई हैं। लुटेरों ने दो फरवरी को रितिक अवस्थी के साथ लूट की घटना कबूली है। कोतवाली प्रभारी टीपी वर्मा ने बताया पकडे़ गए लुटेरे अंतरजनपदीय गिरोह के शातिर हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।