जिला अस्पताल में निरीक्षण करते एडीएम गजेंद्र कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शैलेष कुमार व अन्य
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। कोरोना वायरस से निपटने के इंतजाम देखने गुरुवार को एडीएम गजेंद्र कुमार व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शैलेष कुमार जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अफसरों ने अस्पताल में बनाए गए आठ बेड के आइसोलेशन वार्ड, कंट्रोल रूम, पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। सीएमएस को निर्देश दिए कि कोरोना बीमारी का इलाज बचाव ही है। अस्पताल में आने वाले लोगों के लिए बाथरूम में साबुन की व्यवस्था करें। लोगों को हाथ धोने को लेकर जागरूक भी करें।
एडीएम और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि ओपीडी में बैठने वाले चिकित्सकों के कमरे में सैनिटाइजर रखवाने की व्यवस्था करें। उन्होंने कोरोना वायरस को लेकर बनाए गए कंट्रोल रूम को देखा। सीएमएस डॉ. यूसी चतुर्वेदी ने बताया कि इस वार्ड में मरीज को लाने के लिए अलग गेट है। इस कारण किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी।
मशीन से नहीं चेक हो सका तापमान
जिला अस्पताल में निरीक्षण के दौरान एडीएम व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने सीएमएस से तापमान चेक करने के लिए मशीन मंगाई। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट का बुखार चेक किया गया। तापमान 80 फॉरेनाइट निकला।
संदिग्ध के भर्ती होने पर एक दिन में 36 हजार का खर्च
जिला अस्पताल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में कोरोना वायरस के संदिग्ध के भर्ती होने पर चौबीस घंटे में 36 हजार रुपये का खर्चा आएगा। सीएमएस ने बताया कि वार्ड में तीन शिफ्टों में ड्यूटी रहेगी। प्रत्येक शिफ्ट में एक चिकित्सक, लैब टेक्नीशियन, स्टाफ नर्स, सफाई कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। चिकित्सक व कर्मचारी पूरी किट में रहेंगे। यह किट एक बार प्रयोग में आती है। इसके बाद दूसरी किट प्रयोग होती है। आइसोलेशन वार्ड में ड्यूटी करने वाली टीम के लिए मास्क भी मंगा लिए गए हैं।