छिबरामऊ। मोहल्ला कस्साबान स्थित जमीन को लेकर चल रहे विवाद में अफसरों ने पहुंचकर तीनों पक्षों को वार्ता के लिए कोतवाली बुलाया था। मुस्लिम पक्ष के न पहुंचने के कारण वार्ता पूरी नहीं हो सकी। बता दें कि जमीन पर मालिका हक जताते हुए वाल्मीकि समाज व नगर पालिका के खिलाफ न्यायालय की शरण ली गई है।
मंगलवार को एडीएम आशीष सिंह व एएसपी अजय कुमार कोतवाली पहुंचे। जमीन पर मालिकाना हक को लेकर आमने-सामने आ चुके मुस्लिम, वाल्मीकि व नगर पालिका परिषद को वार्ता के लिए बुलाया। अफसरों का कहना था कि आपसी सहमति के आधार पर मामले को निपटा लिया जाए। काफी इंतजार के बाद भी बैठक में मुस्लिम पक्ष के न पहुंचने पर बैठक को आगे के लिए टाल दिया गया।
बता दें कि मोहल्ला कस्साबान स्थित बेशकीमती जमीन पर नगर पालिका परिषद के अलावा मुस्लिम व वाल्मीकि समुदाय के लोग अपना हक जता रहे हैं, जिसको लेकर विगत दिनों प्रशासन ने पैमाइश भी कराई। इसके बाद मुस्लिम पक्ष ने वाल्मीकि समुदाय व नगर पालिका के खिलाफ न्यायालय की शरण ली है।
बैठक में एसडीएम उमाकांत तिवारी, तहसीलदार अभिनव वर्मा, नायब तहसीलदार भरत मौर्य, सीओ ओमकार नाथ शर्मा, कोतवाल सचिन कुमार सिंह, चेयरमैन मनोज दुबे व ईओ सुनील कुमार सिंह रहे।