विशुनगढ़। मेड़ काटने के विरोध में मां बेटे को लाठी-डंडों से प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मां के सिर में गंभीर चोट आने पर उनको सैफई में भर्ती कराया गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव सिसैया नगला निवासी विनोद कुमार ने गांव के रामकिशोर,पत्नी व पुत्र अभिनवके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें आरोप लगाया कि 23 दिसंबर को भाई महेंद्र सिंह खेत पर गया था। वहां पहले से मौजूद रामकिशोर ने मेड़ काटने का आरोप लगाया। भाई महेंद्र ने मेड़ न काटने की बात कही। इसको लेकर दोनों में विवाद हो गया। रामकिशोर ने मारपीट कर भाई की उंगली दांत से काट ली।
भाई महेंद्र घर आया और मां शारदा देवी को बाइक पर बैठाकर थाने शिकायत करने जा रहा था। रास्ते में रामकिशोर, पुत्र अभिनव व पत्नी ने लाठी डंडों से भाई महेंद्र व मां शारदा देवी पर हमला कर दिया। सिर में लाठी लगने से मां शारदा देवी की हालत गंभीर हो गई। मां बेटे को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने शारदा देवी को सैफई रेफर कर दिया। एसओ विनोद कश्यप ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है।