फोटो:08: यूपीटी में प्रेस वार्ता करते नवाब सिंह यादव व अन्य। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। सरकार की ओर से टैक्स फ्री हुई अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म सम्राट पृथ्वीराज के रिलीज होने के बाद विरोध शुरू हो गया है। इसमें राजा जयचंद्र के बारे में गलत जानकारी देने का आरोप लगा है। इससे इत्रनगरी के लोग नाराज हैं। पांच जून को रणनीति बनेगी और आंदोलन छेड़ा जाएगा।
शनिवार को शहर के जीटी रोड किनारे स्थित पर्यटक आवास गृह में कान्यकुब्ज सेवा समिति और जयचंद्र समिति की ओर से प्रेसवार्ता हुई। समिति के संयोजक नवाब सिंह यादव ने कहा कि फिल्म सम्राट पृथ्वीराज में राजा जयचंद्र का भी जिक्र है। इनको गलत तरीके से पेश किया गया है। राजा जयचंद्र को जो लोग गद्दार कहते हैं, साबित करने पर पांच लाख का नगद पुरस्कार दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को पांच जून को दोपहर 12 बजे पुरातत्व संग्रहालय में बुलाया गया है। वहीं आगे की रणनीति बनेगी। पीएसएम पीजी कॉलेज से रिटायर प्रो. सुशील राकेश शर्मा ने बताया कि उत्तर भारत के सर्वश्रेष्ठ राजा जयचंद्र ही थे। इस मौके पर संजय दुबे व भूरा यादव आदि मौजूद रहे।