कन्नौज। विशेष संचारी रोग व दस्तक अभियान को संचालित करने के लिए सोमवार को सामंजस्य बनाकर कार्य करने की सीख दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि टीमों का पर्यवेक्षण करने वाले टीम लीडर सदस्यों के कामकाज की निगरानी करें। कोविड नियमों को देखते हुए सुरक्षा के साथ काम करने की जरूरत है। 15 साल से कम उम्र के बच्चों वाले घरों में अभियान का पंफलेट लगाने के लिए कहा।
जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में 01 जुलाई 2021 से 31 जुलाई 2021 तक संचालित होने वाले विशेष संचारी रोग अभियान एवं दस्तक अभियान की जनपद स्तरीय बैठक की।
उन्होंने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान में सभी विभाग सामंजस्य के साथ कार्य करें। नाली आदि स्थानों पर चूना एवं ब्लीचिंग का छिड़काव किया जाए। मच्छरों को पैदा होने से रोकने के लिए फॉगिंग कराएं। पानी की सफाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला अस्पताल, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अधिकारी कन्नौज (नोडल) सहित अन्य संबंधित चिकित्सक अधिकारी मौजूद रहे।