तालग्राम। टीबी रोग से पीड़ित मरीजों के लिए एक अच्छी खबर है। दबा के लिए अब सीएचसी की दौड़ लगानी नहीं पड़ेगी। जल्द ही सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर दवा मिलेगी। अब सीएचसी के अलावा इसे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों तक भी पहुंचाने की योजना स्वास्थ्य विभाग की ओर से बनाई जा रही है।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर अब 58 के अलावा 84 दवाएं उपलब्ध होगी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, ब्लॉक तालग्राम में गुरसहायगंज, समधन तालग्राम, तीन सामुदायिक और बैसापुर, अमोलर, इंदुइयागंज समेत पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व 28 आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हैं। अभी तक टीबी रोग की पुष्टि होने के बाद मरीजों को ब्लॉक स्तर के सीएचसी पर जाकर निशुल्क दवा प्राप्त करनी होती थी। अब इन मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर 58 की जगह 84 दवाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। इसमें टीबी की भी दवा शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर यह व्यवस्था लागू हो जाने से टीबी रोगियों को ज्यादा दौड़ धूप नहीं करनी पड़ेगी।
सीएचसी अधीक्षक डॉ कुमारिल मैत्रेय ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर अब जल्द ही टीबी रोग से पीड़ित मरीजों को दवाएं मिलेगी, इससे रोगियों को सुविधा रहेगी।