मस्जिद के ऊपर निगरानी करता ड्रोन कैमरा।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। कोरोना के चलते पुलिस और प्रशासन जुमे की नमाज के दौरान लोगों के इकट्ठे होने की सूचना पर अलर्ट रहा। कन्नौज, गुरसहायगंज, समधन, छिबरामऊ, तिर्वा आदि मस्जिदों के बाहर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। लोगों से घर में रहकर नमाज अदा करने अपील की गई। इसके अलावा प्रशासन ने छतों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों की मदद ली। जिला प्रशासन की सख्ती की वजह से लोगों ने घर पर ही नमाज अदा की।
दिल्ली के निजामुद्दीन में धार्मिक जलसे के बाद कई जिलों की मस्जिदों में बाहरी लोग पकड़े गए। कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका में पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया। जुमे की नमाज घर में पढ़ने की अपील की गई। इससे कि लोग बीमारी से बचे रहें। लॉकडाउन का पालन कराने के लिए कन्नौज, गुरसहायगंज, समधन, छिबरामऊ, तिर्वा आदि क्षेत्रों की मस्जिदों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया। लोगों के घरों की छतों या अन्य जगह इकट्ठे होकर नमाज पढ़ने को लेकर खुफिया विभाग समेत ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई।