रविवार से होलाष्टक लग गया है, जो 12 मार्च पूर्णिमा तक रहेगा। वहीं, 14 मार्च से 14 अप्रैल तक खरमास चलेगा। इस दौरान मांगलिक कार्य नहीं होंगे। सवा महा शहनाई नहीं गूंजेंगी। वैदिक आचार्य पंडित पवन शुक्ला ने बताया कि होली के मौके पर इस बार फाल्गुन पूर्णिमा 12 मार्च को 8.24 तक रहेगी। गोधूलि बेला शाम 6.25 से सात बजे तक और चौघड़िया शुभ मुहूर्त में शाम 6.23 से 8.23 तक होलिका दहन शुभ होगा। इस दिन सर्वार्थ सिद्धि योग एवं राजयोग होगा।
पंडित पवन शुक्ला के अनुसार, अष्टमी को चंद्रमा, नवमी को सूर्य, दशमी को शनि, एकादशी को शुक्र, द्वादशी को गुुुरु, त्रयोदशी को बुध, चतुर्दशी को मंगल और पूर्णिमा को राहु उग्र रूप में रहते हैं। इन आठ दिनों में मनुष्य का मस्तिष्क अनेक दुख और आकांक्षाओं से ग्रसित रहता है। इसी के चलते इन दिनों शुभ व मांगलिक कार्यों को करने का निर्णय नहीं लिया जाता है। वैसे होलाष्टक समाप्त होते ही शुभ व मांगलिक कार्य शुरू हो जाते हैं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। होली के तत्काल बाद 14 मार्च से खरमास शुरू हो रहे हैं, जो 14 अप्रैल तक चलेंगे। खरमास काल के दौरान मांगलिक कार्य नहीं होते हैं। अब सवा माह तक शहनाईयां नहीं गूंज पाएंगी। 16 अप्रैल से मांगलिक शुरू हो जाएंगे।
होलिका दहन मुहूर्त - शाम 6.23 से 8.23 तक रहेगी।
शुभ मुहूर्त कुल एक घंटा 59 मिनट है।
जिसमें भद्रा पूंछ सुबह 4.11 से सुबह 5.23 तक रहेगी।
जबकि भद्रा मुखा सुबह 5.23 से 7.23 सुबह तक रहेगा।
इसलिए होता है होलिका दहन
पंडित पवन शुक्ला ने बताया कि होली 12 मार्च को है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार हिरण्यकश्यप ने प्रहलाद की ईश्वरीय शक्ति की परीक्षा लेने के लिए अपनी बहन होलिका को बुलाया। होलिका को अग्नि से वरदान प्राप्त था, जिसका लाभ उठाते हुए राजा ने अपने पुत्र को होलिका के साथ चिता में जिंदा जलाने का प्रयास किया। लेकिन भक्त प्रहलाद को एक आंच भी नहीं आई जबकि होलिका पूरी तरह जल गई। तभी से होलिका दहन की परंपरा चली आ रही है।
राशि के अनुसार होली के रंग
राशि के मुताबिक निर्धारित रंगों से होली खेलना शुभ बताया गया है।
मेष- लाल, सिल्वर, गोल्डन, पीला रंग।
वृषभ- सफेद, क्रीम रंग।
मिथुन- हरा, नीला, काला रंग।
कर्क- क्रीम, सिल्वर रंग।
सिंह- गोल्डन, लाल, सफेद व पीला रंग।
कन्या- हरा व बैंगनी रंग।
तुला- सफेद, दूधिया व नीला रंग।
वृश्चिक- सतरंगी लाल रंग।
धनु- पीला व सुनहरा रंग।
मकर- नीला रंग।
कुंभ- काला व बैंगनी रंग।
मीन- पीला व सिल्वर रंग।