बरात ले जाने की तैयारी कर रहा दूल्हा हवालात पहुंच गया। कानपुर की युवती ने एसपी से दूल्हे से नौ साल से संबंध होने और अब दूसरी जगह शादी की शिकायत की थी। इस पर पुलिस ने दूल्हे को कोतवाली बुलवाया। घंटों चली पंचायत में मामला न सुलझने पर हवालात में डाल दिया गया।
दूसरी ओर तिर्वा में होने वाली शादी कैंसिल हो गई। कानपुर की युवती ने एसपी प्रशांत वर्मा को शनिवार दोपहर शिकायती पत्र देकर शादी रुकवाने का आग्रह किया। बताया कि वह कृष्णा नगर सरायमीरा (अकबरपुर सरायघाघ) के पवन कुमार मिश्रा से करीब नौ साल से संपर्क में है।
पवन का घर आना-जाना लगा रहता था। पिता ने कुछ साल पहले व्यापार करने के लिए पांच लाख रुपये पवन को दिए थे। पवन शादी करने की बात कहता रहा। इससे कोई गुरेज नहीं रहा। पिछले साल पिता की मृत्यु हो जाने के बाद पवन ने फोन उठाना व बातचीत करना बंद कर दिया।
अब पता चला कि पवन तिर्वा में कहीं शादी करने जा रहा है। एसपी के आदेश पर पवन को कोतवाली बुलाया गया। पवन की शनिवार की शाम को तिर्वा बरात जानी थी। इसी की पूजा व तैयारी चल रही थी। अचानक इस मामले से अफरातफरी का माहौल हो गया।