छिबरामऊ। महिलाओं की सुरक्षा और उनकी समस्याओं को तुरंत निपटाने के लिए धूमधाम से खुली महिला रिपोर्टिंग चौकी की हालत खराब है। यहां तैनात की गईं दूसरी इंचार्ज अब तक नहीं पहुंचीं। शुभारंभ के दिन आईं दो शिकायतें अब तक नहीं निपट पाई हैं।
मिशन शक्ति के दूसरे चरण में आठ मार्च को कोतवाली में महिला पुलिस और रिपोर्टिंग चौकी की शुरुआत की गई थी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल शुभारंभ किया था। इंचार्ज तत्कालीन मेन बाजार चौकी इंचार्ज निर्मला सिंह को बनाया गया था। सफाखेड़ा निवासी लक्ष्मी राजपूत और लोधापुर की पूर्व प्रधान मीनू दुबे ने शिकायत दर्ज कराई थी। चौकी खुलने के तीन दिन बाद ही निर्मला सिंह को कन्नौज का महिला थानाध्यक्ष बना दिया गया। तब से कुर्सी खाली है। दोनों शिकायतों का निस्तारण नहीं हो सका। इससे यह रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए भटक रही हैं। दूसरी ओर सीओ शिव कुमार थापा का कहना है कि तीन दिन पहले रजनी बाला को महिला चौकी का नया इंचार्ज बनाया गया है। उन्होंने अभी कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। वह छुट्टी पर चल रही हैं। उनके आते ही जल्द व्यवस्था सुचारु हो जाएगी।