एसबीएस कालेज में साबुन से हाथ धोते शिक्षक।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। कोरोना वायरस को लेकर मास्क की कालाबाजारी हो रही है। चार रुपये का मास्क चालीस में बिक रहा है। वहीं जिला अस्पताल में मरीजों व तीमारदारों को मास्क उपलब्ध नहीं हो रहे हैं।
जिला अस्पताल के जन औषधि केंद्र पर चार रुपये में बिकने वाले मास्क की औषधि केंद्र को ही 20 रुपये में आपूर्ति मिल रही है। बाजार में दाम 40 रुपये तक हैं। जिन मेडिकल स्टोरों पर मास्क बचे हैं, वहां चार गुने से ज्यादा पर बेचा जा रहा है। जिला अस्पताल में भी तीमारदारों और मरीजों को मास्क उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। स्टाफ और डॉक्टरों के अलावा मास्क मांगने से भी नहीं मिल रहे हैं। सीएमओ की ओर से डिमांड भेजी जा चुकी है। अभी तक मास्क उपलब्ध नहीं कराए गए।
सीएमओ बोले...आम आदमी के लिए मास्क जरूरी नहीं
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कृष्ण स्वरूप ने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव की जरूरत है। बचाव कई तरीके से किया जा सकता है। मास्क ही सब कुछ नहीं है। आम आदमी को मास्क लगाने की कोई जरूरत नहीं है। मास्क उसके लिए जरूरी है जो संदेह के घेरे में हो। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में मंगलवार से कंट्रोल रूम शुरू हो जाएगा। एक हेल्प लाइन नंबर की भी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि आइसोलेशन वार्ड को दूसरी जगह शिफ्ट कराने के निर्देश दिए गए हैं। पुराने मैटरनिटी विंग में व्यवस्था कराई जा रही है। यहां पर बेडों की संख्या भी बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस को लेकर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ विभाग सख्ती से निपटेगा। व्हाट्स एप व फेसबुक के जरिए अफवाह फैलाने पर कड़ा एक्शन लिया जाएगा। एफआईआर लिखाई जाएगी।