सौरिख। लखनऊ में दुष्कर्म पीड़िता ने जहर खाकर जान दे दी। इस मामले में आरोपी भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष को लखनऊ पुलिस ने शुक्रवार रात सौरिख क्षेत्र के सकरावा स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया। लखनऊ एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि आरोपी कन्नौज के सौरिख के सकरावा गांव का रहने वाला है। उसे वहीं से गिरफ्तार कर लखनऊ लाया गया। शनिवार को जेल भेज दिया गया।
शुक्रवार की देर रात गोमती नगर के प्रभारी निरीक्षक अमित दुबे पुलिस टीम के साथ सकरावा गांव पहुंचे। यहां से भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता पुत्र किशन गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि लखनऊ निवासी 15 साल की किशोरी ने 27 जुलाई 2019 को प्रदीप गुप्ता के खिलाफ 18 अगस्त 2017 से कई बार दुष्कर्म करने, उसकी अश्लील फोटो व वीडियो बनाकर मोबाइल में रिकार्ड करने का आरोप लगाकर गोमती नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से पीड़िता आरोपी की गिरफ्तारी व न्याय पाने के लिए लगातार भटकती रही थी। इंसाफ नहीं मिला तो उसने 23 अक्तूबर को जहर खा लिया। उसे गंभीर हालत में डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां 24 अक्तूबर को उसकी मौत हो गई। किशोरी ने हाईस्कूल की परीक्षा पास करने के बाद फिलहाल पढ़ाई छोड़ रखी थी। सौरिख एसओ राजकुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात गोमती नगर पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में प्रदीप गुप्ता की गिरफ्तारी की है।