कन्नौज/मानीमऊ। लखनऊ से कासगंज जा रही पैसेंजर का इंजन मानीमऊ स्टेशन के पास फेल हो गया। इस कारण कानपुर-फर्रुखाबाद रेलखंड 45 मिनट तक बाधित रहा। आगे की सभी क्रासिंग फाटक बंद होने वाहनों का जाम लगा रहा है। लोको पायलट ने इंजन को सही करने का प्रयास किया पर हुआ नहीं। तब रेलवे अधिकारियों ने कन्नौज स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी का इंजन भेजकर ट्रेन को फर्रुखाबाद के लिए रवाना किया। इस दौरान दो सुपरफास्ट समेत एक्सप्रेस व पैसेंजर भी लेट हो गईं।
लखनऊ से कासगंज जा रही पैसेंजर 05379 रविवार सुबह 10 बजे मानीमऊ हाल्ट स्टेशन पर 70 मिनट की देरी से पहुंची। मानीमऊ में रुकने के बाद जैसे ही ट्रेन चली तो 100 मीटर आगे चलकर अचानक इंजन बंद हो गया। लोको पायलट रवींद्र कुमार व गार्ड ने इंजन को चालू करने का प्रयास किया पर स्टार्ट नहीं हुआ। दो बार इंजन का पैंटोग्राफ उठाकर गिराया गया पर करंट ही नहीं पहुंचा। लोको पायलट ने इसकी जानकारी कन्नौज के स्टेशन मास्टर कैलाशनाथ को दी। उन्होंने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। 45 मिनट बाद कन्नौज स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी का इंजन खोलकर मानीमऊ भेजा गया, तब जाकर ट्रेन को फर्रुखाबाद जंक्शन के लिए रवाना किया गया। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जत नगर मंडल बरेली के जन संपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण लखनऊ पैसेंजर को मालगाड़ी का इंजन लगाकर फर्रुखाबाद भेजा गया।
तीन क्रॉसिंग रहीं पूरी तरह से बंद, लगा जाम
लखनऊ पैसेंजर का इंजन फेल हाेने के कारण मानीमऊ, हरदोई रोड व जसौली रेलवे क्रॉसिंग पूरी तरह बंद हो गईं। जीटी रोड के किनारे वाहनों की कतार लग गई और लोग क्रॉसिंग बंद होने का कारण जानने को उत्सुक रहे। रेलवे के गेटमैन से पैसेंजर के इंजन में खराबी होने की जानकारी दी। कई वाहन सवार अन्य क्रासिंग से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। तीनों क्रॉसिंग करीब 45 मिनट तक बंद रही थीं।
यात्री परेशान, डग्गामार वाहनों से रवाना
लखनऊ पैसेंजर के खड़े होने से उसमें सवार यात्री भी परेशान हो गए। कई लोग खराबी का कारण जानने को इंजन के पास पहुंच गए और लोको पायलट व गार्ड से जानकारी ली। जब उन्हें बताया गया कि इंजन खराब हो गया है तो कई लोग डग्गामार वाहनाें से गंतव्य के लिए निकल गए। ट्रेन में सवार महिलाओं व बच्चों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दो सुपरफास्ट सहित चार ट्रेनें हुईं प्रभावित
कानपुर से दिल्ली जा रही आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस को बिल्हौर स्टेशन पर रोक दिया गया। छपरा-फर्रुखाबाद उत्सर्ग एक्सप्रेस को भी अरौल मकनपुर स्टेशन पर रोक दिया गया। वहीं, कानपुर जा रही एक्सप्रेस व पैसेंजर को जसोदा स्टेशन पर रोक दिया गया। इसके अलावा एक मालगाड़ी कन्नौज स्टेशन पर खड़ी रही।