कन्नौज। लॉकडाउन में इत्र कारखानों समेत मंदिरों, मस्जिदों में आयोजन और वैवाहिक कार्यक्रम आदि बंद होने से लाल गुलाब का रंग इन दिनों फीका पड़ गया है। मांग न होने से गेंदा के फूल मुरझा रहे हैं। यह फूल या तो किसानों के घर में सड़ रहे हैं या खेतों में बर्बाद हो रहे हैं। लॉकडाउन ने फूलों की खेती करने वाले सैकड़ों किसानों की कमर तोड़ दी है।
लॉकडाउन का असर फूलों की खेती पर पड़ा है। मांग न होने से फूल खेतों में ही सड़ कर बर्बाद हो रहे हैं। किसानों को हर रोज लाखों रुपये का घाटा हो रहा है। पहले से तय आर्डर रद्द हो गए हैं। फूलों की खेती से जुड़े लोगों के मुताबिक मार्च व अप्रैल का महीना व्यापार के लिए सबसे ज्यादा मुफीद होता है। किसान पूरे साल इस सीजन के इंतजार में रहते हैं। नवरात्र और सहालग का सीजन होने से इस समय के लिए काफी पहले से ऑर्डर बुक किए जाते हैं। इस साल लॉकडाउन की वजह से सारे आर्डर रद्द हो गए हैं। लाखों रुपये के फूल रोज बर्बाद होने से किसानों पर आर्थिक मार पड़नी तय है।
बड़े पैमाने पर होती गुलाब-गेंदा की खेती
जिले में गेंदा- गुलाब की खेती बड़े पैमाने पर होती है। दर्जनों गांवों में सैकड़ों किसान बड़े पैमाने पर फूलों की खेती से जुड़े हैं। इत्र कारखानों में फूलों की बड़ी खपत होती है। कई बड़े किसान अच्छे दाम मिलने के चक्कर में दिल्ली, हरियाणा, आगरा, लखनऊ आदि जिलों में आपूर्र्ति करते हैं।
किसानों को सरकार से मदद की दरकार
लॉकडाउन में गुलाब व गेंदा की खेती करने वाले किसानों की जिंदगी रुक सी गई है। किसानों को सरकार से मदद की दरकार है। किसानों के मुताबिक फूलों को सुरक्षित रखने की कोई तकनीक नहीं है। इससे इन्हें बर्बादी से बचाना मुश्किल है। अब रोटी का संकट खड़ा होने लगा है।
किसानों ने बयां किया दर्द
गेंदा की खेती करने वाले रामवीर ने बताया एक बीघा खेत में 10 से 12 क्विंटल गेंदा का उत्पादन होता है। 2000 से 2500 रुपये की लागत आती है। 70 से 80 दिनों में तैयार होने वाला गेंदा 4 सौ से 5 सौ रुपये प्रति क्विंटल बिकता है। लॉकडाउन ने समस्या खड़ी कर दी है। खेतिहर आदर्श कुमार ने बताया कि एक बीघा खेत में गुलाब की खेती करने पर पांच से सात हजार रुपये की लागत आती है। गुलाब 60 से 75 दिनों में तैयार हो जाता है। बाजार में इसका मूल्य 80 से 100 रुपये प्रति किलो तक मिलने की संभावना रहती है। लॉकडाउन की वजह से 50 से 60 रुपये प्रति किलो में बड़ी मुश्किल से बिक्री हो पाती है।