तिर्वा(कन्नौज)। लोहपीटा समाज के लोगों ने कोरोना सैंपल लेने पहुंची टीम को जांच कराने से मना कर दिया। टीम के समझाने पर समाज के लोग ईंट-पत्थर लेकर दौड़ पड़े। इससे टीम को जान बचाकर भागना पड़ा। टीम की शिकायत पर पुलिस बस्ती में पहुंची तो कई लोग भाग गए।
कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जांच चल रही है। शुक्रवार को सीएचसी की स्वास्थ्य टीम तहसील के समीप रह रहे लोहपीटा समाज की बस्ती में पहुंची। स्वास्थ्य टीम ने लोगों को कोरोना सैंपल देने के लिए बुलाया। समाज के लोगों ने जांच कराने से मना कर दिया। स्वास्थ्य टीम के ज्यादा कहने पर समाज के लोग आक्रोशित हो गए। यह टीम का विरोध करने लगे। समाज के लोगों ने हाथ में ईंट-पत्थर उठा लिए। यह नजारा देख स्वास्थ्य टीम को भागना पड़ गया। टीम ने चिकित्सा अधीक्षक समेत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को देख बस्ती के लोग भाग गए।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ.अवधेश कुमार ने बताया कि टीम को कोरोना सैंपल लेने लोहपीटा समाज की बस्ती में भेजा गया था। वहां उनका कोई कार्यक्रम चल रहा था। इससे वह लोग सैंपल देने का विरोध कर रहे थे। पथराव नहीं किया गया है। सिर्फ बस्ती के लोग विरोध कर रहे थे। कोतवाल शैलेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि बस्ती के लोग स्वास्थ्य टीम को देखकर विरोध कर रहे थे। पुलिस के जाने के बाद लोग भाग गए। तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।