कन्नौज। माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज द्वारा वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए मंगलवार को केंद्रों की संभावित सूची तैयार कर ली गई है। विभाग द्वारा संभावित केंद्रों पर दावे व आपत्तियां मांगी गई हैं। ताकि केंद्रों की अंतिम सूची समय से तैयार की जा सके। अभी तक 77 विद्यालयाें को संभावित परीक्षा केंद्र की सूची में शामिल किया गया है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज द्वारा 10वीं व 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं आयोजित कराने के लिए जिला स्तर पर तैयारी चल रही हैं। विभागीय अधिकारियों ने बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार कई विद्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखी हैं। अधिकारी सूची को अंतिम रूप देने की तैयारी में जुट गए हैं। इसके लिए संभावित विद्यालयों की जारी सूची पर दावे व आपत्तियां मांगी गई हैं।
हालांकि, अभी तक उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज द्वारा परीक्षा तिथियों की घोषणा नहीं की गई है। अधिकारियों द्वारा परीक्षा केंद्रों का समय पर चयन किए जाने की कवायद तेज कर दी गई है। इसके लिए दावे व आपत्तियां चाही गई हैं। इसके लिए चार दिसंबर तक का समय दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज ने बताया कि अब तक 48 आपत्तियां प्राप्त हो चुकी हैं, जिनमें अधिकतर पुर्नकेंद्र बनाने व विद्यालय में बच्चों की अधिक संख्या से संबंधित हैं। चार दिसंबर तक प्राप्त होने वाली आपत्तियों पर विचार के बाद जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के अध्यक्ष डीएम की अध्यक्षता में बैठक कर अंतिम सूची तैयार की जाएगी।