तिर्वा(कन्नौज) संपूर्ण समाधान दिवस पर आई शिकायत के निस्तारण के लिए तहसीलदार ने लेखपाल को बुलाकर पूछताछ की। लेखपाल ने अपने भाई के साथ उत्तेजित होकर तहसीलदार पर पानी की बोतल फेंकी और अभद्रता करने लगा। लेखपाल व उसके भाई के हंगामे से हड़कंप मच गया। बाद में एसडीएम ने लेखपाल को निलंबित कर दिया।
शनिवार को सीडीओ की अध्यक्षता में समाधान दिवस चल रहा था। तभी भखरा गांव निवासी वकील उत्तम सिंह ने क्षेत्रीय लेखपाल अरूण अवस्थी के खिलाफ आय, जाति प्रमाण पत्र निरस्त करने की शिकायत की। जिस पर तहसीलदार अनिल कुमार सरोज ने संबधित लेखपाल को बुलाया। उनके आने पर जैसे ही तहसीलदार ने लेखपाल से मामले के संदर्भ में पूछताछ की तो लेखपाल व वहां मौजूद उसके भाई ने गाली गलौज शुरू कर दी और पानी पानी की बोतल फेंक कर मारते हुए बाहर निकल गए। दिवस के बाहर आते ही लेखपाल व उसके भाई ने अपने पिता की जीपीएफ का भुगतान न करने का आरोप लगाकर हंगामा किया।
लेखपाल के भाई ने आरोप लगाया कि उसके पिता की मौत को करीब डेढ़ साल हो चुके है। परंतु तहसील प्रशासन की लापरवाही के चलते उसका जीपीएफ का पैसा समेत पेंशन के कागजात तैयार नहीं हो सके। एसडीएम राकेश कुमार त्यागी ने बताया कि लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है। दूसरी ओर लेखपाल संघ के अध्यक्ष राजेश पटेल ने बताया कि लेखपाल अरूण अवस्थी की तैनाती अपने पिता की जगह मृतक आश्रित पर हुई थी। लेखपाल की ओर से जीपीएफ भुगतान की मांग की जा रही है। प्रशासन की ओर से लापरवाही बरती जा रही थी। वह जीपीएफ के लिए तहसील के चक्कर काट रहा था। उसका उत्पीड़न हो रहा था।