छिबरामऊ(कन्नौज)। राजकीय रमाबाई बालिका विद्यालय के भवन निर्माण में गड़बड़ी के मामले में वक्फ विकास निगम लीपापोती करने में जुटा है। जांच करने पहुंचे वक्फ विकास निगम के निदेशक को घटिया सामग्री के प्रयोग के साथ तमाम खामियां मिली थीं। उन्होंने निगम के सहायक अभियंता, कार्यदायी संस्था व पेटी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। निदेशक के फरमान के बाद भी निगम के अफसर दोषी लोगों को बचाने की जुगत में रिपोर्ट भेजने के बजाय लीपापोती में जुट गए हैं।
20 अगस्त को वक्फ विकास निगम के निदेशक एवं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री शफाअत हुसैन, निगम के सदस्य गुलाम मोहम्मद, भाषा समिति उत्तर प्रदेश सरकार के सदस्य दानिश आजाद ने राजकीय रमाबाई बालिका विद्यालय के निर्माण कार्य की जांच की थी। जांच में दोयम दर्जे की निर्माण सामग्री का प्रयोग होते पाया गया था। कार्यदायी संस्था ने कमीशन पर पेटी ठेकेदार को ठेका हस्तांतरित कर दिया था। निगम के अफसरों ने मौके से निर्माण सामग्री के सैंपल लिए थे। निदेशक सफाअत हुसैन ने डीएमओ छोटेलाल गौतम को रिपोर्ट तैयार कर तीन दिन के अंदर लखनऊ स्थित निगम के मुख्यालय पर भेजने के निर्देश दिए थे। चार दिन से अधिक का समय बीतने के बाद न तो दोषी अफसरों के खिलाफ डीएमओ ने अफसरों को रिपोर्ट भेजी और न ही कोई कार्रवाई हुई। इस संबंध में डीएमओ का कहना है कि जांच के दौरान निगम के लोगों ने जो खामियां पाई थीं, वह स्वयं रिपोर्ट बनाकर कार्रवाई कर सकते हैं। यह उनके अधिकार क्षेत्र में है।
वहीं इस संबंध में भाषा समिति उत्तर प्रदेश सरकार के सदस्य दानिश आजाद का कहना है कि निगम ने एई, कार्यदायी संस्था व पेटी ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट तैयार कर ली है। जनपद मुख्यालय से डीएमओ व सैंपल रिपोर्ट आने के बाद दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।