छिबरामऊ। दिवंगत अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी के हत्यारोपी अमोल दीक्षित की पैरवी अधिवक्ता नहीं करेंगे। यह निर्णय गुरुवार को कन्नौज बार एसोसिएशन की बैठक में लिया गया है। उधर, डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी विनोद कुमार ने अधिवक्ता के आवास पर पहुंचकर शोक-संतृप्त परिजनों से मुलाकात की। अधिकारियों ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए घटना पर गहरा दुख जताया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। साथ में विधायक अर्चना पांडेय भी मौजूद रहीं।
अध्यक्ष रामेंद्र कुमार त्रिवेदी ने बताया कि बैठक में सभी अधिवक्ताओं ने एकमत होकर यह निर्णय लिया है। दिवंगत अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी की हत्या से अधिवक्ता समाज में गहरा आक्रोश है। अधिवक्ताओं ने इस निर्णय के माध्यम से दिवंगत साथी के प्रति एकजुटता और संवेदना व्यक्त की है। उधर, डीएम ने परिवार को सुरक्षा की दृष्टि से शस्त्र लाइसेंस दिलाने तथा दिवंगत अनुज चतुर्वेदी की पत्नी लक्ष्मी को सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा। वहीं, एसपी ने परिजनों को आश्वस्त किया कि फरार आरोपी के पिता को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। अधिकारियों से मुलाकात के दौरान अनुज चतुर्वेदी के पिता सेवानिवृत्त दरोगा गणेश शंकर चतुर्वेदी, दिनेश शंकर चतुर्वेदी, रविशंकर चतुर्वेदी, अश्वनी चतुर्वेदी आदि परिजनों ने अपनी समस्याएं भी रखीं। विधायक अर्चना पांडेय ने अधिवक्ता की आठ वर्षीय बेटी श्रद्धा से बात की। इस दौरान एसडीएम ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी, सीओ मयंक मिश्रा, तहसीलदार अभिनव वर्मा और कोतवाल कपिल दुबे सहित कई लोग मौजूद रहे।
बार काउंसिल के उपाध्यक्ष आज निकालेंगे पैदल मार्च
अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी की दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में वकीलों और बार काउंसिल का गुस्सा फूट पड़ा है। इस गंभीर मामले में न्याय की मांग और वकीलों की सुरक्षा को लेकर बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष अनुराग पांडेय के नेतृत्व में वकील शुक्रवार सुबह 11 बजे कचहरी परिसर से पैदल मार्च करते हुए दिवंगत अधिवक्ता के आवास तक जाएंगे। दीपावली के दिन अधिवक्ता की गोली मारकर निर्मम हत्या के बाद से विधिक समुदाय में भारी रोष व्याप्त है।
दिवंगत अधिवक्ता की श्रद्धांजलि सभा आज
दिवंगत अधिवक्ता को श्रद्धांजलि देने के लिए शुक्रवार को बार एसोसिएशन छिबरामऊ के लाइब्रेरी हॉल में दोपहर 12 बजे श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। यह जानकारी देते हुए बार एसोसिएशन के महासचिव पंकज मिश्रा ने बताया कि श्रद्धांजलि सभा में बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश प्रयागराज के उपाध्यक्ष अनुराग पांडेय और बार एसोसिएशन कन्नौज के अध्यक्ष रामेंद्र कुमार त्रिवेदी शामिल होंगे।
हत्यारोपी पिता की तलाश में हरदोई-उन्नाव तक दबिश
हत्यारोपी कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित के पिता अवध बिहारी दीक्षित की तलाश में पुलिस ने उन्नाव और हरदोई समेत कई जिलों में दबिश दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक उसकी इन जिलों में कई रिश्तेदारियां हैं, जहां छिपे होने की संभावना है। अवध बिहारी मोबाइल नहीं चला रहा है,जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए मुखबिरों का जाल बिछाया है।
वर्जन
अधिवक्ता के परिजनों की सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस प्रदान किए जाएंगे, जिसके लिए डीएम ने आश्वासन दिया है। फरार आरोपी अवध बिहारी की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगीं हैं, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक