उमर्दा। मकान को बारिश से बचाने के लिए मजदूर मंगलवार सुबह छत पर पॉलिथीन डाल रहा था। छत के ऊपर से गुजरी एचटी लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई। हादसे से परिजनों में चीखपुकार मच गई।
ठठिया क्षेत्र के ग्राम गढ़ीपुर्वा निवासी कुलदीप (35) मजदूरी करते थे। कुलदीप पत्नी सोनी, तीन बेटियों खुशी (07), नैंसी (05) और वैष्णवी के साथ मकान में रहते थे। सुबह कुलदीप मकान को बारिश से बचाने के लिए छत पर पॉलिथीन डाल रहा था। पॉलीथिन डालते समय कुलदीप मकान के ऊपर से गुजरी एचटी लाइन की चपेट में आ गया और वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। वहां पर डॉक्टर ने कुलदीप को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी जेपी शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। लेखपाल ब्रजेश अग्निहोत्री ने बताया कि परिवार की आर्थिक मदद के लिए शासन को रिपोर्ट बनाकर भेज दी गई है।
घर में आने वाली थी खुशी, पसरा मातम
कुलदीप की पत्नी सोनी गर्भवती है। कुछ ही दिनों में बच्चे का जन्म होने वाला है। परिवार में नए मेहमान के आने की खुशी थी, लेकिन अचानक हुए हादसे से परिवार में मातम छा गया।