कन्नौज। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए ग्राम प्रधानों को जिम्मेदारी दी गई है। एसडीएम ने ग्राम प्रधानों के साथ पहली बैठक में कहा कि गांव में आने वाले हर व्यक्ति पर नजर रखें। आशा व एएनएम से सहयोग लेते हुए गांव में उपचार की व्यवस्था करें।
सदर ब्लाक में सोमवार को एसडीएम सदर गौरव शुक्ला व खंड विकास अधिकारी सदर धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि अब आप सभी के हाथों में ग्राम पंचायत की कमान है। शपथ होना बाकी है। कोरोना महामारी पर अंकुश लगाने के लिए आशा व एएनएम का सहयोग लें। गांव में लोग बीमार हों तो जांच कराने के लिए आशा व एएनएम को जानकारी दें। बाहर से आने वालों की सबसे पहले कोरोना जांच कराएं। संक्रमित होने पर होम क्वारंटीन की व्यवस्था करें। घर में जगह न हो तो गांव के स्कूल में 14 दिन तक रुकने की व्यवस्था की जाए। खाने का भी इंतजाम करें। इसी तरह गांव के लोगों में कोरोना के लक्षण दिखने पर जांच कराएं। इसमें लापरवाही न करें।