मंडी समिति में लगा आढ़तियों का अनाज।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज । कोरोना ने जिले के बाजार को भी बड़ी चोट पहुंचाई है। बाहरी प्रदेशों की मंडियों में मांग घटने से आलू समेत धान, मक्का और बाजरा के दाम धड़ाम हो गए हैं।
2200 रुपये में खरीद गई मक्का को व्यापारी 1400 प्रति क्विंटल के भाव पर बेचने को मजबूर हैं। आलू के दाम 400 रुपये प्रति पैकेट (50 किलो) तक गिर गए हैं। 1000 रुपये पैकेट बिकने वाला आलू 600 रुपये पर आ गया है। यही हाल बाजरा और धान का है। धान के दाम 1600 से गिरकर 1400 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गए हैं। बाजरा के दाम 1900 रुपये से गिरकर 1200 रुपये पर पहुंच गए हैं।
45 दिन में कन्नौज जिले के व्यापारियों को करीब 10 करोड़ रुपये की चोट पहुंची है। व्यापारियों का कहना है कि कोरोना के कारण व्यापार पर बड़ा प्रभाव पड़ा है। आम आदमी से लेकर किसान और व्यापारी भी प्रभावित हैं। बाहर की मंडियों में खरीदार नहीं मिल रहे हैं। मांग न होने से आलू, मक्का, बाजरा व धान के दामों में भारी गिरावट हुई है। इस गिरावट से कृषि उत्पादन मंडी समितियों को भी राजस्व का नुकसान हुआ है।