तिर्वा(कन्नौज)। शादी समारोह से भाई संग लौट रही किशोरी से युवक ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर साथियों को बुलाकर हमलावर हो गया। मारपीट में किशोरी समेत छह लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
कोतवाली इलाके की किशोरी ने बताया कि वह अपने भाई के साथ गांव में शादी समारोह में शामिल होने गई थी। यहां से रात दस बजे के करीब घर लौट रही थी। रास्ते में गांव के युवक ने अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। भाई ने विरोध किया तो युवक के साथी भाई को पीटने लगे। शोरगुल सुनकर मौके पर आई बहन व मां को भी लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया गया। मारपीट में किशोरी समेत छह लोग घायल हुए हैं।
मौके पर पुलिस को पहुंचता देख आरोपी भाग गए। पुलिस ने घायलों को डॉक्टरी परीक्षण के लिए अस्पताल पहुंचाया। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। सीओ दीपक दुबे ने बताया कि जांच की जा रही है। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।