तालग्राम(कन्नौज)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बिचपुरवा गांव के पास यलो लाइन पर खड़ी कार में बिहार से मक्का लाद कर दिल्ली जा रहे कंटेनर ने साइड से टक्कर मार दी। इस हादसे में डेढ़ माह की मासूम समेत पांच लोग घायल हो गए। कंटेनर चालक ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया।
गोंडा थाना क्षेत्र के सिविल लाइन जेल रोड निवासी अभिषेक श्रीवास्तव (32) फरीदाबाद की निजी कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर हैं। यह 15 दिन पहले परिवार के साथ गांव घूमने गए थे। बुधवार रात फरीदाबाद लौट रहे थे। साथ में पत्नी गरिमा श्रीवास्तव (30), बेटा कवच (7), बेटी वैैष्णवी (डेढ़ माह), ससुर संतोष श्रीवास्तव (70) और सास थीं। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बिचपुरवा गांव के पास यह कार खड़ी कर आराम करने लगे। इस दौरान पीछे से आ रहे कंटेनर ने कार की साइड में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से सभी लोग उछल कर एक दूसरे के ऊपर गिरने से घायल हो गए। गरिमा की गोद से बैठी वैष्णवी उछल कर दूर गिरी। उसे ज्यादा चोटें आई हैं। थाना प्रभारी कृष्णलाल पटेल ने सभी का प्राथमिक उपचार कराने के बाद दूसरी कार से फरीदाबाद भेजा।