कन्नौज में उत्तराखंड परिवहन निगम की एक बस शुक्रवार देर रात लगभग तीन बजे गुरसहायगंज के पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग फाटक के पास अचानक अनियंत्रित हो गई। चालक को झपकी आ जाने से हादसा होने की बात कही जा रही है।
रोडवेज बस ने सड़क किनारे बनी छम्मी लाल मिष्ठान भंडार और अय्याज की हार्डवेयर की दुकान में घुस गई और दुकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। तेज आवाज के साथ हुए इस हादसे से आसपास अफरातफरी मच गई। गनीमत थी कि दोनों दुुकनों में या उसके आसपास कोई नहीं था।
इधर, बस में मौजूद करीब छह लोग सीट से गिर जाने की वजह से घायल हो गए। देर रात की वजह से ज्यादातर लोग नींद में थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। कोतवाल टीपी वर्मा ने बताया कि अभी तक किसी यात्री की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। चालक को झपकी लगना ही वजह माना जा रहा है।