छिबरामऊ(कन्नौज)। खुबरियापुर गांव में जमीन के मामले में दोहरे आदेश करने पर डीएम राकेश कुमार मिश्र ने नाराजगी जताकर लेखपाल की जांच के आदेश दिए। डीएम के आदेश के बाद एसडीएम ने लेखपाल को निलंबित कर दिया।
समाधान दिवस पर मंगलवार को खुबरियापुर के लेखपाल सुरेंद्र यादव की शिकायत आई। इसमें कहा गया कि लेखपाल ने एक ही गाटा को पहले नवीन परती, बाद में भूमिधरी बना दिया। इस पर डीएम ने नाराजगी जताकर जांच के आदेश दिए। एसडीएम देवेश गुप्ता ने लेखपाल को निलंबित कर दिया। डीएम ने लेखपालों को पैमाइश के बाद दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का फर्जी निस्तारण होने पर संबंधित विभाग के अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हनुमान गढ़ी मोहल्ले में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराने के ईओ सुरेंद्र केसरवानी को निर्देश दिए। एसपी प्रशांत कुमार ने पुलिस से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व की 68, पुलिस की 37, विकास विभाग की 24, नगर पालिका की आठ, विद्युत की चार, चकबंदी, डूडा व बैंक की दो-दो, निर्माण, पशु चिकित्साधिकारी व पूर्ति महकमे की एक- एक सहित 150 शिकायतें आईं। राजस्व विभाग की सात शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। बीएसए केके ओझा, सीडीओ आरएन सिंह, तहसीलदार अभिमन्यु कुमार, सीओ शिवकुमार थापा सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
उपकोषागार को दोबारा संचालित करने की मांग
तहसील के नोटरी अधिवक्ताओं ने उपकोषागार दोबारा संचालित करने की मांग करते हुए डीएम को ज्ञापन सौंपा। नोटरी अधिवक्ता हरीशंकर मिश्रा ने कहा कि नोटेरियल टिकट के लिए वकीलों को कन्नौज तक जाना पड़ता है। इससे विधिक कार्य प्रभावित होते हैं। जनहित में उपकोषागार दोबारा संचालित किया जाए। इस अवसर पर उनके साथ नोटरी अधिवक्ता रमाकांत दीक्षित, रामसेवक वर्मा, अनूप कुमार दीक्षित सहित कई वकील मौजूद रहे।
पूर्ति निरीक्षक को पासवर्ड वापस देने की मांग
सभासद सुशील पांडेय एडवोकेट के नेतृत्व में वकीलों ने डीएम से शिकायत की। सभासद ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक छिबरामऊ की आईडी व पासवर्ड जिला पूर्ति कार्यालय में प्रयोग की जा रही है। ऐसे में छिबरामऊ समेत सौरिख, तालग्राम, सिकंदरपुर, समधन व गुरसहायगंज के कार्ड धारकों को संशोधन के लिए कन्नौज तक दौड़ लगानी पड़ती है। पूर्ति विभाग ने बिना किसी सूचना के राशन कार्डों से हजारों यूनिट काट दिए। सभासद ने डीएम से आईडी व पासवर्ड वापस दिलाए जाने के साथ काटे गए यूनिट राशन कार्डों से जुड़वाने की मांग की। इस मौके पर सत्यदेव, रामशरन, बृजेश, अंकुर, दिलीप कुमार त्रिपाठी, पुरुषोत्तम तिवारी, राजेश मिश्रा व शोएब अंसारी भी रहे।